थाना क्षेत्र के मौजा कुसना के नगला खानपुरा में कर्ज से परेशान किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। ग्राम निवासी अवनीश कुमार ने बताया कि उसके चाचा राकेश बाबू (35) शुक्रवार सुबह अपने खेत पर पानी लगाने गए थे। उनके ऊपर सरकारी बैंक का कर्ज था। जिसके चलते चाचा काफी परेशान रहते थे। उन्होंने खेत से वापस आकर दोपहर के समय किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए सैफई ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई ।
वही ग्राम प्रधान सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि मृतक अविवाहित था। उसके नाम करीब 14 बीघा जमीन थी। जिसमें से उसने 9 बीघा भतीजे संजू के नाम कर दी थी। 5 बीघा जमीन उनके पास बची थी। संजू के पास ही राकेश रहता था। वहीं मृतक के परिजनों की माने तो मृतक राकेश बाबू के नाम भरथना सेंट्रल बैंक में किसान क्रेडिट काई जारी हुआ था। जिसका करीब एक लाख से ऊपर का कर्जा होने की वजह से वह काफी परेशान रहता था। जिसकी वजह से उसने ये कदम उठाया। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।