फोटो 09 भानु सिंह। फाइल फोटो
- कीटनाशक मुंह में जाने के बाद भी खेत में करने लगा था छिड़काव, बिगड़ गई थी हालत
- नगला चौप गांव का मामला, जिला अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
चकरनगर। नगला चौप गांव में रविवार शाम बाजरे की फसल छिड़काव करने गए किसान ने मुंह से कीटनाशक का पैकेट खोला। इस दौरान उसके मुंह में कीटनाशक का कुछ अंश चला गया। इसके बावजूद किसान खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने के दौरान उसकी कुछ ही देर में हालत बिगड़ गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
नगला चौप गांव निवासी अवधेश कुमार ने बताया उसका छोटा भाई भानु सिंह (40) रविवार शाम अपने खेत में बाजरे की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। छोटे भाई ने बताया था कि उसने मुंह से दवा का पाउच खोला था, इसके कुछ देर बाद शाम करीब सात बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। हालत खराब होते देख परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के एक बेटा एक बेटी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक शशांक राजपूत ने बताया कि परिजनों ने कीटनाशक दवा का पाउच मुंह से खोलने पर हालत बिगड़ी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।