बसरेहर थाना क्षेत्र के सरैयाताल गांव निवासी ग्रामीण की शादीशुदा बेटी की बीमारी के चलते मौत हो गई।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के कोरोना पीड़ित होने की आशंका पर पुलिस प्रशासन ने एहतियातन परिवार के सैंपल लिए हैं और उनको क्वारंटीन किया है।
सरैयाताल गांव निवासी रामजीत की पुत्री मनीषलता उर्फ रिया (32) की शादी दिल्ली के नागलोई इलाके में रहने वाले कुलदीप राठौर के साथ हुई थी। रिया के बीमार होने पर कुलदीप उसे गुरुवार रात साढ़े 8 बजे सरैयाताल छोड़कर चला गया था।
पिता रामजीत शुक्रवार सुबह बीमार बेटी रिया को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मृतका का पोस्टमार्टम नहीं कराया और यमुना तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
बसरेहर थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी शर्मा ने बताया कि सूचना पर वह सरैयाताल पहुंचे। लोगों ने मृतका के कोरोना पीड़ित होने की आशंका जाहिर की। इस पर उन्होंने सदर के एसडीएम व सीओ को बताया।
दोनों अधिकारी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सरैयाताल गांव पहुंचे। मृतका के परिजनों के कोरोना जांच के सैंपल लिए और उन्हें क्वारंटीन कर दिया।