साहब! परिवार रजिस्टर में नाम नहीं, गांव में आवास नहीं हैं और फर्जी दस्तावेज लगाकर बन गई है ग्राम प्रधान..। मंगलवार को ताखा में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष चौंकाने वाला यह मामला सामने आया।
ताखा क्षेत्र की हरकुंजलपुर ग्राम पंचायत निवासी जितेंद्र सिंह पाल ने जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उनकी ग्राम पंचायत से संजीव कश्यप की पत्नी विनीता देवी निवासी नगरिया खनाबांध ने चुनाव लड़ने के लिए कूटरचित दस्तावेज लगाकर हरकुंजलपुर ग्राम पंचायत से दोनों लोगों ने वोट बनवा लिया था।
पंचायत से विनीता देवी को चुनाव में प्रत्याशी के रूप में चुनाव लगाया गया, जिसमें विनीता देवी प्रधान बन गई। बताया कि वोट बनवाने के लिए संजीव ने हरकुंजलपुर पंचायत की कूटरचित परिवार रजिस्टर की नकल लगाई है।
वह आज तक हरकुंजलपुर ग्राम पंचायत के किसी भी गांव के निवासी नहीं हैं, न ही परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज है। जितेंद्र ने पत्र में नगरिया खनाबांध ग्राम पंचायत के परिवार रजिस्टर की नकल देते हुए बताया कि विनीता देवी के ससुर जिलेदार वर्ष 2010 में नगरिया खनाबांध की बम्हनीपुर ग्राम पंचायत से चुनाव लड़े थे, उस समय उन्होंने अपना परिवार नगरिया खनाबांध में दिखाया था।
तब से आज तक जिलेदार सिंह का पूरा परिवार, जिसमें संजीव व विनीता देवी शामिल हैं, वहीं के निवासी हैं। जब हरकुंजलपुर में परिवार ही दर्ज नहीं है तो फिर उन्हें वहां से चुनाव लड़ने का अधिकार ही नहीं था।
नियम के मुताबिक प्रधान पद पर चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी का उसी पंचायत का निवासी होना जरूरी है । जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच उपजिलाधिकारी ताखा दिनेश सिंह को दी है । वहीं भरतपुर खुर्द के ग्राम प्रधान राजीव गुप्ता ने शमशान भूमि की जमीन की पैमाइश कर बाउंड्रीवॉल कराने की मांग की है।
समथर निवासी प्रवीण शुक्ला ने इलाहाबाद बैंक की चौपुला शाखा के शाखा प्रबंधक के विरुद्ध शिकायत की है। भरतपुर खुर्द की विमलेश ने विकलांग पेंशन पाने के लिए गुहार लगाई। रामपुरा निवासी संजीव ने खेत पर दबंगों के कब्जे की शिकायत की।
वहीं तहसील दिवस में एसएसपी ने निर्माणाधीन एक्सप्रेस वे पर हुई फायरिंग की जानकारी एक्सप्रेस वे के अधिकारियों से ली। तहसील दिवस में 27 शिकायतें आईं, जिनमें दो का निस्तारण मौके पर हुआ। तहसील दिवस में सीडीओ अरविंद चौरसिया, एसडीएम ताखा दिनेश सिंह, बीडीओ ताखा तहसीलदार विजय यादव, नायब तहसीलदार पवन प्रकाश पाठक, कानूनगो अनिल यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।