ऊसराहार (इटावा)। ताखा तहसीलदार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए फर्जी बैनामा कराने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी मैनपुरी का जिलाध्यक्ष भी रह चुका है।
ताखा तहसील क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए अधिगृहीत की जाने वाली जमीन के बैनामा में जालसाजी की शिकायत मैनपुरी जिले के निवासी महेंद्र प्रताप सिंह ने डीएम व शासन से की थी। आरोप लगाया गया था कि नगला दुली गांव में उन्होंने एक जमीन मैनपुरी जिले के कुसमरा गांव निवासी अरुण यादव से खरीदी थी। जो मैनपुरी जिले में लोहिया वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं। महेंद्र प्रताप ने बताया कि उन्होंने इस जमीन का बैनामा भी करा लिया था। बावजूद इसके इसी जमीन को दोबारा बुुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए यूपीडा को बेच दिया गया और मुआवजा के रूप में करीब 11 लाख रुपये हड़प कर लिए गए।
इस शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने पर महेंद्र प्रताप ने इसकी शिकायत गत 17 दिसंबर को तहसील दिवस में मंडलायुक्त के समक्ष की थी। मंडलायुक्त ने कोई कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई थी। इसी के बाद तहसीलदार ताखा श्रीराम यादव ने मूल निवासी नगला दुली हाल निवासी कुसमरा मैनपुरी निवासी अरुण यादव के खिलाफ फर्जी बैनामा कराने का मुकदमा दर्ज कराया है।