ग्रीष्मकालीन नुमाइश का मंगलवार की शाम को आगाज हो गया। नुमाइश कमेटी के अध्यक्ष/जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने फीता काटकर नुमाइश का उद्घाटन किया। इसके बाद नुमाइश परिसर रंगबिरंगी विद्युत झालरों की रोशनी से सराबोर हो गया।
मंगलवार की शाम करीब सात बजे उद्घाटन कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि डीएम ने जैसे ही फीता नुमाइश परिसर रंगबिरंगी लाइटों से जगमगा उठा। इस मौके पर डीएम ने कहा कि सर्दी के मौसम में लगने वाली इटावा नुमाइश की देशभर में अपनी पहचान है। उन्होंने कहा कि अब ग्रीष्मकालीन नुमाइश भी पब्लिक पसंद करने लगी है।
लोग यहां परिवार के साथ आकर मनोरंजन, खरीददारी एक साथ कर सकते हैं। समारोह में नुमाइश कमेटी के सचिव/एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि गर्मी की छुट्टी में लगने वाली ग्रीष्मकालीन नुमाइश में बच्चों के साथ ही पूरा परिवार यहां आकर मनोरंजन कर सकता है।
ग्रीष्मकालीन नुमाइश के संयोजक टीपू यादव ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी कोशिश है कि नुमाइश में आने वाले दर्शकों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नुमाइश में बच्चों के साथ ही सभी के मनोरंजन का पूरा ख्याल रखा गया है।
उद्घाटन अवसर पर एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ईश्वरचंद्र, एसडीएम ताखा सुरेशचंद्र शर्मा, चेयरमैन नगर पालिका इटावा कुलदीप गुप्ता संटू, बिजली ठेकेदार राजू गुप्ता अलीगढ़ सहित नुमाइश कार्यकारिणी के सदस्य विशुन चंद्र अग्रवाल, शांतिस्वरूप पाठक, राजनारायण अग्रवाल, गुरुमुख सिंह अरोड़ा, राजू वाजपेई आदि उपस्थित रहे।