इटावा। दबंगों ने महिला के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर उसके पति को तमंचे की बट मार दी। पुलिस ने तीन नामजद सहित आठ लोगों पर सैफई थाने में मुकदमा दर्ज किया है।
सैफई के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे वह पति के साथ मैनपुरी के करहल से लौट रही थी। इस दौरान बहादुरपुर गांव के आठ लोगों ने रोक लिया और छेड़खानी करने लगे। पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचा निकालकर पति की कनपटी पर लगा दिया। लोहे की रॉड से पीटकर सिर पर तमंचे की बट मार दी।
अभद्रता कर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी तमंचा लहराकर भाग गए। सैफई थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर बहादुरपुर गांव निवासी शरद यादव, मुकेश यादव, सुदामा और पांच अज्ञात लोगों पर बलवा, छेड़खानी और एससी-एसटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सीओ सैफई नागेंद्र चौबे को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई है।