ग्राम पंचायत भटपुरा की वोटरलिस्ट में मुर्दों का नाम
तो शामिल कर लिया, किंतु जीवित लोगों के नाम काट दिए। यहां के करीब दो सौ
लोगों से पंचायत चुनाव में वोट डालने का अधिकार छीन लिया गया है। ग्रामीण
चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जाहिर कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना
है कि वोटर लिस्ट में धांधली की गई है। पंचायत चुनाव के लिए जारी वोटरलिस्ट
में गांव डबहा निवासी जगन्नाथ पुत्र मोहकम सिंह का नाम है, जबकि उनकी
मृत्यु हो चुकी है।
गांव रमी का वर निवासी रामदेवी पत्नी रामेश्वर
दयाल, नाथूराम पुत्र मथुरा प्रसाद, रामेश्वरदयाल पुत्र मथुराप्रसाद की
मृत्यु हो चुकी है, लेकिन वोटरलिस्ट में इनके नाम हैं। गांव के जीवित करीब
दो सौ लोगों के नाम लिस्ट में नहीं हैं, जबकि इन लोगों ने लोकसभा चुनाव में
वोट डाले थे।
बुधवार को भटपुरा पहुंचे भाजपा नेता प्रदीप दुबे को
भी ग्रामीणों ने वोटरलिस्ट की गड़बड़ियों से अवगत कराया। दुबे ने बताया कि
गांव रमी का वर निवासी कुलदीप सिंह, हरजीत सिंह, सुघर सिंह आदि के नाम वोटर
लिस्ट में नहीं हैं। भाजपा नेता ने आश्वासन दिया कि वे एसडीएम से मुलाकात
करके मामले का निराकरण कराएंगे।