इटावा। बदलते दौर में तकनीक की महत्ता को देखते हुए अब माध्यमिक विद्यालयों के छात्र भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बारीकियों से रूबरू होंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जनपद के कक्षा 11 और 12 के छात्र-छात्राओं के लिए निशुल्क एआई अवेयरनेस प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया दो अप्रैल से सात अप्रैल तक चलेगी।
डीआईओएस अतुल कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोरखपुर की ओर से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के सहयोग से संचालित किया जाएगा। यह पूरी तरह से ऑनलाइन होगा, जिसकी विंडो 60 दिनों तक खुली रहेगी।
उन्होंने बताया कि छात्रों को इस कोर्स के माध्यम से न केवल आधुनिक तकनीक का ज्ञान मिलेगा बल्कि भविष्य की पढ़ाई और कॅरिअर में भी लाभ होगा। यह कार्यक्रम कुल 20 घंटे का होगा। कोर्स पूरा करने वाले छात्रों को सर्टिफिकेट के साथ दो क्रेडिट पॉइंट्स भी दिए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम 15 अप्रैल से शुरू होगा।
डीआईओएस ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने विद्यालय के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर क्षेत्र में एआई का उपयोग बढ़ रहा है, ऐसे में यह प्रोग्राम छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और रोजगार के अवसर प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा।
इच्छुक छात्र वेबसाइट https://www.tcsion.com/courses/ai-awareness-programme/ पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।