इटावा। जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा सोमवार को तीसरे दिन भी दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने खुद मोर्चा संभालते हुए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस बीच परीक्षार्थियों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना और बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही।
दोपहर 12 बजे जैसे ही पहली पाली की परीक्षा समाप्त हुई, सड़कों पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। एक तरफ पहली पाली देकर बाहर निकल रहे अभ्यर्थी थे तो दूसरी तरफ दूसरी पाली की परीक्षा के लिए कतारों में लगे युवा। इस दौरान केंद्रों के बाहर कुछ समय के लिए भीड़ की स्थिति बनी रही, जिसे संभालने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं परीक्षा छूटने के बाद दोपहर और शाम के वक्त रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड पर युवाओं की भीड़ देखी गई। बड़ी संख्या में अन्य जनपदों से आए अभ्यर्थी अपने गंतव्य को लौटने के लिए वाहनों का इंतजार करते दिखे। परिवहन निगम की जो अतिरिक्त बसों की व्यवस्था के दावों के बीच भी यात्रियों की संख्या अधिक होने से काफी गहमागहमी बनी रही।