भरथना। कस्बा के तिलक रोड स्थित सराफा दुकान में गुरुवार शाम टप्पेबाज पांच लाख कीमत की 10 अंगूठी लेकर भाग गया था। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी टप्पेबाज का सुराग नहीं लग सका है। वहीं पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कस्बा के तिलक रोड स्थित नितिन आभूषण के सराफा संचालक दुकानदार सचिन कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे दुकान पर एक व्यक्ति सोने की अंगूठी लेने आया। उसने सचिन से डिजाइन दिखाने के लिए कहा। इस पर उन्होंने 10 सोने की अंगूठी से भरा पैकेट उसे दे दिया। दुकानदार जैसे ही कुछ लेने के लिए घूमा वैसे ही टप्पेबाज 10 सोने की अंगूठी लेकर भाग गया। इसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये की थी। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है लेकिन टप्पेबाज का अभी तक सुराग नहीं लगा है। जल्द ही उसे पकड़कर कर माल बरामद किया जाएगा।