इटावा। बदलता मौसम बच्चों से लेकर बड़ों तक को बीमार कर रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में वायरल बुखार के 132 मरीज पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें दवा दी। साथ ही उन्होंने बदलते मौसम में ठंडा पानी समेत बाहर की खाद्य सामग्री से दूर रहने की सलाह दी।
सोमवार को छुट्टी की वजह से सिर्फ 12 बजे तक की ओपीडी रही। इस दौरान संयुक्त जिला अस्पताल में 507 नए मरीजों ने पंजीकरण करवाया जबकि 90 मरीज पुराने पर्चे पर दवा लेने पहुंचे। इसमें सबसे अधिक सर्दी, जुकाम, बुखार व वायरल के मरीज पहुंचे। इसमें 132 मरीजों में वायरल की समस्या से पीड़ित मिले।
मरीजों ने बताया कि दवा लेने के बाद बुखार उतर जाता है और दवा का असर खत्म होते ही दोबारा बुखार आ जाता है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि यह वायरल के लक्षण है। इस समय बुखार जल्दी नहीं उतर रहा है।
इस समय 102 से 103 डिग्री तक बुखार आ रहा है, जो जल्दी नहीं उतर रहा है। उन्होंने मरीजों की जांच कराने के बाद दवा लिखी। साथ ही बदलते मौसम में बच्चों को फूल आस्तीन के पहनाने की सलाह दी। इसके अलावा ठंडी चीजों की सेवन न करने की सलाह दी।
-
वायरल के बचने के लिए क्या करें-
-खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद अच्छी तरह हाथ धोएं।
-बिना हाथ धोए अपनी आंखों, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें।
-आहार में खट्टे फल (विटामिन-सी), हरी सब्जियां, हल्दी, अदरक व गिलोय का सेवन करें।
-बुखार, खांसी व जुकाम होने पर हल्का गुनगुना पानी पीएं।
-भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें या मास्क का उपयोग करें।
-घर में किसी को वायरल या सर्दी-जुकाम है, तो उनके बर्तन, तौलिया और कपड़े अलग रखें।
-डॉक्टर की परामर्श के बिना दवा का सेवन न करें।