उदी। बढ़पुरा ब्लॉक में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना ग्रामीणों के लिए राहत के बजाय मुसीबत बनती जा रही है। घरों तक पानी पहुंचाने के लिए गलियों में अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदाई तो करा दी गई, लेकिन काम के बाद रास्तों की मरम्मत कराना जिम्मेदार भूल गए। नतीजा यह है कि ग्रामीण गड्ढों और जलभराव के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारी उनकी योजना न होने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
ब्लॉक के 52 गांवों में योजना के तहत पेयजल आपूर्ति होनी है। इनमें से अभी तक केवल 22 गांवों में ही पानी की आपूर्ति शुरू हो सकी है। खास बात यह है कि इन 22 गांवों में भी 10 से अधिक गांवों में खोदी गई गलियों को दुरुस्त नहीं करवाया गया है। शेष गांवों में योजना का काम पूरा होने और नियमित जलापूर्ति शुरू होने का इंतजार है। शनिवार को पड़ताल के दौरान ग्राम पंचायत रजपुरा में पाइपलाइन डालने के लिए गलियों को खोदकर छोड़ने की बात सामने आई।
खोदाई से बने गड्ढों में पानी भरने के कारण जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे राहगीरों और ग्रामीणों को निकलने में परेशानी होती है। ग्राम पंचायत कामेत में भी पाइपलाइन बिछाने के बाद गलियों की मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं, बढ़पुरा गांव में जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों का रास्तों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
वहीं दूसरी ओर बढ़पुरा ब्लॉक के एडीओ पंचायत अशोक कुमार से बात की गई तो वह योजना से अनभिज्ञ नजर आए। उन्होंने कहा कि यह योजना जल निगम की है और उनका इससे कोई संबंध नहीं है।
वर्जन
विशेष अभियान के तहत काम करवाया जा रहा है, त्योहार के कारण लगभग एक सप्ताह का विलंब हुआ है। सोमवार से काम में तेजी आएगी और प्राथमिकता के आधार पर पाइपलाइन बिछाने में खोदी गई सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा।
विमल कुमार, एई, जलनिगम, ग्रामीण
फोटो 22:: कामेत गांव में पाइपलाइन को बिछाने के बाद खुदी पड़ी गली में भरा पानी। संवाद
फोटो 22:: कामेत गांव में पाइपलाइन को बिछाने के बाद खुदी पड़ी गली में भरा पानी। संवाद