इटावा। भरथना-उसराहार मार्ग पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने नए लघु सेतु के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। मार्ग पर स्थित सकरा पुल के स्थान पर करीब 2.75 करोड़ रुपये की लागत से नया लघु सेतु बनाया जाएगा। इसके निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
भरथना-ऊसराहार मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। वर्तमान में पुल की चौड़ाई कम होने के कारण यहां से एक साथ वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। खासकर धान के सीजन में कृषि उपज लेकर आने-जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम के हालात बन जाते हैं।
इससे राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। निर्माण खंड तीन के एक्सईएन कप्तान सिंह ने बताया कि पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराकर निर्धारित समय में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। (संवाद)