ताखा। ऊसराहार कस्बे में बृहस्पतिवार को श्रीरामलीला महोत्सव समिति के तत्वावधान में भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बरात निकाली गई। बैंड-बाजों, भक्ति संगीत और दो दर्जन से अधिक रथों पर सजी देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बरात के स्वागत में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। पूरा कस्बा हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
शिव बरात में नंदी पर सवार भगवान भोलेनाथ की दिव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, विभिन्न रथों पर भगवान गणेश, बजरंगबली सहित अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाई गई थीं। आकर्षक विद्युत सजावट और भक्ति गीतों के बीच निकली बरात को देखने के लिए महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह बरात का स्वागत कर भगवान शिव के दर्शन किए।
बरात में शामिल काली अखाड़े के कलाकारों ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। शिव बरात कस्बे से निकलकर किशनी-बिधूना मार्ग और भरथना मार्ग सहित प्रमुख मार्गों से गुजरी। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
शिव बरात के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। इससे आवागमन सुचारु बना रहा। उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद रहे। श्रीरामलीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, प्रबंधक जिलेदार सिंह कश्यप, महामंत्री उमेश चंद्र गुप्ता, ज्ञानेंद्र अवस्थी, डॉ. राजाराम शाक्य, गिरीश चंद्र गुप्ता, रामऔतार गुप्ता, राधाकृष्ण मिश्रा आदि मौजूद रहे।