इटावा। ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) एसोसिएशन ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें आरोप लगाया कि ग्राम विकास अधिकारियों के विरुद्ध उत्पीड़न की कार्रवाई की जा रही है। ऐसी कार्रवाइयों को पर रोक लगनी चाहिए। इसके अलावा अन्य समस्याओं का निदान किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में बताया कि जिले में ग्राम विकास अधिकारियों की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जा रहा है। विवेक तिवारी तथा संजीव यादव को बिना किसी गलती के दबाव में निलंबित किया गया है। क्लस्टर के आवंटन में भी मनमानी की जा रही है। वीडीओ को दूर-दूर के कलस्टर न दिए जाएं। यह भी कहा है कि ग्राम पंचायतों के संचालन के लिए सचिव और प्रधान के हस्ताक्षर बीडीओ की ओर से ही भेजे जाने चाहिए।
इसमें गोशाला का मुद्दा भी उठाया गया है। यह कहा गया है कि गोशाला के संचालन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। एक-एक कर्मचारी को तीन-तीन गोशालाएं आवंटित कर दी गई हैं।
गोशालाओं में ग्राम पंचायत अधिकारियों से दुर्व्यवहार किया जाता है। जिलाध्यक्ष पूरन सिंह तथा जिला मंत्री संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि यदि मांगें जल्द न मानी गईं तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश राजपूत, संयुक्त मंत्री जितेंद्र यादव, उपाध्यक्ष मृदुल शर्मा भी शामिल रहे।