भरथना (इटावा)। शिक्षामित्र के शव का रविवार दोपहर पैतृक गाव छोला में पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। भाई ने केवल एक व्यक्ति पर रिपोर्ट दर्ज होने पर आपत्ति जताई। उसने मुकदमे में नाम बढ़ाने की मांग पुलिस से की है।
ग्राम छोला निवासी शिक्षामित्र दिनेश जाटव (42) पुत्र सुरेश चंद्र जाटव की शनिवार सुबह जमीन के विवाद में फावड़ा मारकर हत्या कर दी गई थी। भाई गुरुप्रसाद की तहरीर पर कटाहरा गांव निवासी विजय पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। रविवार को दूसरे भाई दीपक (सेना का जवान) भरथना वाले घर पहुंचे। उन्होंने एक व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज होने पर एतराज जताया है। पुलिस से मुकदमे में नाम बढ़ाने की मांग की। कस्बा चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह, एसआई अवधेश कुमार ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव को पैतृक गांव छोला ले गए। वहां बेटे प्रिंस ने चिता को मुखाग्नि दी। विधायक राघवेंद्र गौतम, पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव, बसपा जिलाध्यक्ष सुरजन सिंह जाटव, पूर्व प्रधान अभयराम जाटव, बलवीर नीरज परिजनों को ढांढस बंधाया।
एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना के आठ घंटे में आरोपी विजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह अपने खेत में आम के पेड़ के नीचे कटी मेड़ पर मिट्टी डाल रहा था। दिनेश ने उसे काम करने से रोका था, जिस पर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।