इटावा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट के आह्वान पर बुधवार को माध्यमिक शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। इसके बाद डीआईओएस राजू राणा को मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। डीआईओएस ने मांगें पूरी कराने का आश्वासन दिया है।
धरना सभा में जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा सरकार ने मांगों को पूरा नहीं किया तो प्रदेश व्यापी आंदोलन किया जाएगा। जिला मंत्री डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, स्कूल ग्रांट कमीशन की स्थापना, तदर्थ शिक्षकों को नियमित वेतन एवं विधिवत सेवायोजन की मांग की। उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय वेतन दिलाया जाए और व्यवसायिक शिक्षकों को शिक्षक का पूर्ण दर्जा दिलाया जाए। सामूहिक बीमा को यथावत लागू हों और राजकीय शिक्षकों की तरह ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिलाई जाए। प्रांतीय उपाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, शिक्षक नेता इंद्र नारायण पांडे, प्रदेश मंत्री अरविंद कुमार कैथवार ने मांगों के प्रति उपेक्षा पूर्ण रवैया अपनाने पर नाराजगी जताई। प्रदुम्न कश्यप, प्रहलाद कश्यप, कमल किशोर कनौजिया, श्रवण कुमार मिश्रा ,विकास दीक्षित, विनोद मास्टर, अंगद राम, इंद्रजीत, आशुतोष सिंह, पंकज तिवारी, बृजमोहन, सुनील कुमार, नरदेव आर्य ने भी संबोधित किया।