इटावा। नए साल पर सफारी आने वाले पर्यटक फोर-डी थियेटर का लुत्फ उठा सकेंगे। सफारी प्रशासन को क्रिसमस और नए साल पर बड़ी संख्या में पर्यटक आने की उम्मीद है। ऐसे में 26 दिसंबर और दो जनवरी को साप्ताहिक अवकाश के दिन भी सफारी खुला रहेगा।
दोनों मौकों पर ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों सफारी तक लाने में प्रबंधन सोशल मीडिया पर भी प्रचार कर रहा है। फेसबुक, यू-ट्यूब, ट्विटर और इंस्टाग्राम के जरिये पर्यटकों को सफारी सुंदरता दिखाकर आकर्षित किया जा रहा है। यहां हाल ही में छोड़े गए एशियाटेक शेरों की भी मस्ती दिखाई दे रही है।
उपनिदेशक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 25 दिसंबर से पर्यटकों के इटावा सफारी पार्क में बड़ी तादाद में आने की उम्मीद है।
सफारी का मुख्य आकर्षण एशियाटिक लॉयन रहेंगे। पांच हेक्टेयर इलाके में चार शेरों को छोड़ दिया है, जिन्हें देखकर पर्यटक काफी खुश हैं। पहले शेर एक बाड़े में बंद रहा करते थे। प्रबंधकों ने बताया कि जिस हिस्से में शेरों को छोड़कर रखा गया है, वहां पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से डॉ. राबिन यादव की अगुवाई में मेडिकल टीम में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मौजूद रहती है।
काले हिरण और भालू के भी करें दीदार
सफारी पार्क में जहां 17 शेर हैं। वहीं, हिरण, काले हिरण, भालू, लैपर्ड भी बड़ी संख्या में हैं। पर्यटक सफारी घूमने के दौरान इनके भी खुले में दीदार कर सकते हैं।
दिल्ली से पांच घंटे तो लखनऊ से तीन घंटे में आएं सफारी
देश की राजधानी दिल्ली से पांच घंटे, ताज नगरी आगरा से मात्र दो घंटे, प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मात्र तीन घंटे में यहां पहुंचा जा सकता है। बुंदेलखंड के किसी भी हिस्से से मात्र दो घंटे में इटावा सफारी पार्क आसानी से पहुंचा जा सकता है। सफारी प्रबंधन इटावा और उसके आसपास से निकलने वाले हाईवे और अन्य मुख्य मार्गों पर नौ जगहों पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगाएगा, ताकि यहां पहुंचने में सैलानियों को परेशानी न हो।