प्रसपा का प्रदेश महासचिव प्रशांत गिरफ्तार
- फोटो : amar ujala
इटावा के ऊसराहार में फार्म हाउस में बने स्वीमिंग पूल का पानी निकालने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में दो किशोरों की डूबने से मौत के मामले में पुलिस ने प्रसपा के प्रदेश महासचिव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके निलंबित भूमि संरक्षण अधिकारी पिता की तलाश की जा रही है।
दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज है। ऊसराहार थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी प्रसपा के प्रदेश महासचिव प्रशांत यादव और उसके पिता दिनेश यादव का कदमपुर गांव में फार्म हाउस है। फार्म हाउस पर स्वीमिंग पूल बना है।
स्वीमिंग पूल का पानी निकालने के लिए पास में 30 फुट का गड्ढा बनाया गया है। गड्ढे में भरे पानी में डूबने से सोमवार को कदमपुर गांव के दिलशाद (16) और इमरान (16) की मौत हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रसपा महासचिव और उनके पिता पर कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया था।
पुलिस पर पथराव भी हुआ था। एसडीएम व सीओ के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए थे। इमरान के भाई और निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य शाहिद खां ने प्रशांत यादव और उनके पिता निलंबित भूमि संरक्षण अधिकारी मैनपुरी के खिलाफ गैर इरादन हत्या (आईपीसी की धारा 304) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना पुलिस के मुताबिक बुधवार आरोपी प्रशांत को उदयपुर कला स्थित आवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपी दिनेश को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।