इटावा के इटावा सफारी में अपने बाड़े में शावक को दूध पिलाती शेरनी जेनिफर।
- फोटो : ETAWHA
इटावा। शेरनी जेनिफर ने जन्म के बाद अपने शावक का ख्याल रखना शुरू कर दिया है। वह बच्चे को दूध पिला रही है और मुंह से उठाकर इधर-उधर भी कर रही है। जेनिफर एक अच्छी मां साबित हो रही है।
इटावा सफारी के निदेशक वीके सिंह ने बताया कि उनके कार्यकाल में ऐसी बहुत सी घटनाएं हैं। अक्सर शेरनियां जन्म देने के बाद बच्चे को अपना दूध नहीं पिलाती हैं। उन्हें एक तरह से छोड़ देती हैं। उस स्थिति में शावक की देखभाल बहुत कठिन हो जाती है। कर्मचारी ही उसे दूध पिलाने के साथ देखभाल करते हैं। जेनिफर बहुत अच्छी मां साबित हुई है। उसने शावक को जन्म देने के 23 मिनट बाद ही दूध पिलाया। उसके बाद से वह लगातार अपने शावक का ध्यान रख रही है। पिछले 36 घंटे में उसने कई बार शावक को दूध पिलाया। दूध पीने के बाद बच्चे को मुंह में दबाकर इधर-उधर रखती है। ऐसा करने से शावक को दूध पचता है और उसकी गैस भी निकलती रहती है। ये शेरनी जेनिफर का शावक के प्रति बहुत सकारात्मक पहलू है। निदेशक ने बताया कि शेरनी जिस तरह शावक का ध्यान रख रही है, इससे हम लोगों की परेशानी कम हो गई है। शेरनी और उसका शावक बिल्कुल स्वस्थ हैं। शेरनी ने भी खाना खाया है। निदेशक ने बताया कि डॉक्टर एहतियातन जेनिफर और उसके शावक पर नजर रखे हैं। दोनों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।