इटावा। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय धाकरे ने सपा-प्रसपा पर धन-बल के सहारे ब्लाक प्रमुख चुनाव जीतने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी सिटी के उन आरोपों का भी खंडन किया, जिसमें वह अपने साथ मारपीट होने का आरोप लगा रहे हैं।
रविवार को सिंचाईं विभाग के प्रशासनिक सभागार में वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमारे पास धन-बल नहीं है। गलत तरीके से कमाए धन को ब्लाक प्रमुख के चुनाव में पानी की तरह बहाया गया।
उसी का परिणाम है कि जनपद में आठ में सपा ने सर्वाधिक चार, प्रसपा ने तीन ब्लाक प्रमुख जिता लिए। भाजपा सिर्फ बढ़पुरा में ही ब्लाक प्रमुख बनवा सकी है।
बढ़पुरा में चुनाव के दौरान हुई फायरिंग की घटना पर कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कोई फायरिंग नहीं की गई। न ही उनके सामने किसी प्रकार की कोई अभद्रता किए जाने की बात आई।
भाजपा ने लोकसभा में दो बार तथा 2017 में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर शहरी पार्टी होने के मिथक को तोड़ा है। जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव में भाजपा को प्रदेश में मिली प्रचंड जीत इस बात पर मुहर लगाती है कि भाजपा शहर और ग्रामीण दोनों की पार्टी है। वार्ता के दौरान सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिला महामंत्री अन्नू गुप्ता आदि रहे।