जसवंतनगर। क्षेत्र के नगला नारिया गांव में पत्रकार प्रदीप यादव के घर पर सोमवार देर रात हिस्ट्रीशीटर ने साथियों संग फायरिंग की। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
लोगों के घरों से बाहर निकलने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर व उसके साथियों के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इस घटना से जुड़े वीडियो फुटेज पत्रकार के घर में लगे सीसीटीवी से मिल गए हैं।
नरिया गांव निवासी प्रदीप यादव ने पुलिस को बताया कि जसवंत नगर के गुलाब बाड़ी गांव का रुचिन यादव सोमवार रात 12 बजे के लगभग मोबाइल से उसे काफी देर तक जान से मारने की धमकी देता रहा।
जब उन्होंने रुचिन का नंबर ब्लॉक किया, तो वह दूसरे नंबर से फोन कर उसे घर के बाहर निकलकर आने को कहता रहा। इसके बाद भी वह घर से बाहर नहीं निकला।
इससे गुस्साया रुचिन अपने दो साथियों के साथ बाइक से रात सवा तीन बजे उनके घर के बाहर आया और एक के बाद एक तीन फायर किए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। यह देख आरोपी फरार हो गए।
आरोपी रुचिर को शक है कि प्रदीप ने थाने में पैरवी कर उसके विरोधी को छुड़वा दिया। इसी बाद से आरोपी प्रदीप से खुन्नस मानता है। थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी रुचिर थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
उसका भाई पुलिस विभाग में सिपाही है और मथुरा में तैनात है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। रुचिर के परिवार के दो लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।