इटावा। जर्मनी से लौटे एक युवक को उसी के घर में एहतियातन निगरानी में रखा गया है। डा.अमरनाथ तिवारी ने टीम के साथ जाकर युवक की जांच की। उसमें कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं।
शहर के एक मोहल्ला निवासी युवक जर्मनी में शिक्षक है। आठ मार्च को वह जर्मनी से शहर लौटा था, लेकिन इसकी सूचना चिकित्सा विभाग को नहीं दी। गुरुवार को युवक शास्त्री चौराहा स्थित स्टेट बैंक में पैसे निकालने गया था। पासबुक न होने पर बैंक प्रबंधक ने पूछा तो युवक ने जर्मनी से लौटने की जानकारी दी। इस पर बैंक प्रबंधक ने एसएसपी आकाश तोमर को सूचना दी। एसएसपी ने सीएमओ डॉ. एनएस तोमर को बताया। इसके बाद डॉ. अमरनाथ तिवारी एसबीआई पहुंचे और युवक की जांच की। डॉ. अमरनाथ ने बताया कि युवक ने कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। वैसे भी विदेश से लौटने पर उसकी हवाई अड्डे पर जांच भी की गई थी। युवक को उसकी के घर में रखा गया है। 14 दिन तक उसकी निगरानी की जाएगी।