इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के पक्काबाग स्थित चांद मियां भट्ठा वाली गली में बिस्कुट व चिप्स आदि के गोदाम में शनिवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया।
आसपास के लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, नगर पालिका का पानी टैंकर व जेसीबी टीम के साथ वहां पहुंची। फायर कर्मियों ने जेसीबी की मदद से गोदाम की बाउंड्री को तुड़वाया।
तब पानी की बौछार कर करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान गोदाम से सिंलिडर, कंप्यूटर फटने से धमाकों की आवाज भी आती रही। आग से करीब 70 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के विशुनबाग गाड़ीपुरा निवासी मोहम्मद शफीक फरीदी बिस्कुट, चिप्स, नमकीन आदि का कारोबार करते हैं। उन्होंने कई कंपनियों की एजेंसियां भी ले रखी हैं।
मोहम्मद शफीक ने चांद मियां भट्ठा के बाग में गोदाम बना रखा है। मोहम्मद शफीक ने बताया कि शुक्रवार को वह गोदाम बंद करके घर गए थे। शनिवार को लॉकडाउन होने की वजह से गोदाम नहीं खोला था।
शनिवार शाम सात बजे गोदाम में शार्ट सर्किट से आग लग गई। लपटों ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलने लगा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उनके साथ ही थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।
इसके बाद इटावा से फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां, नगर पालिका का पानी का टैंकर और जेसीबी मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन गोदाम का दरवाजा तक लपटें होने से वह लोग गोदाम के भीतर नहीं जा सके।
तब जेसीबी से गोदाम की बाउंड्री वाल को तोड़ा गया। अंदर जाने के बाद गोदाम की खिड़कियों व दरवाजों को तोड़कर पानी की बौछार की गई। तब करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गोदाम के मालिक शफीक फरीदी ने बताया कि वह पार्टनर मोहम्मद सुहैल के साथ कारोबार करते हैं। आग से गोदाम का फर्नीचर, कंप्यूटर, माल समेत सब कुछ जल गया है।
आग से करीब 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फायर अफसरों ने गोदाम में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात कही है। उनका कहना है कि जांच बाद आग से हुए नुकसान का पता चल सकेगा।