इटावा। विश्व पर्यावरण दिवस पर शनिवार को शहर से लेकर जिले भर में अधिकारियों, नेताओं, चिकित्सकों एवं जागरूक लोगों ने पौधरोपण किया। सामाजिक वानिकी प्रभाग एवं सोसायटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर के संयुक्त की ओर से अभयवीर स्मृति महाविद्यालय परिसर उदी में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया ने यहां पारिजात का पौधा लगाया। विधायक ने कहा कि कोरोना जैसे संक्रमण से बचने के लिए वातावरण का शुद्ध होना बहुत आवश्यक है। सरकार की मंशा है कि आम जन को स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण प्रदान करने की है। वृक्ष इसमें महती भूमिका निभा रहे हैं। हम सबको पौधरोपण कर वातावरण को स्वच्छ एवं शुद्ध बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। यहां प्रभागीय वन अधिकारी संजय सिंह, संस्था स्कॉन के सचिव वन्यजीव विशेषज्ञ संजीव चौहान, महासचिव डा.राजीव चौहान राहुल सिंह, वन विभाग से वन क्षेत्राधिकारी बढ़पुरा अजय कुमार त्रिपाठी, लखना विवेकानंद दुबे, भरथना प्रबल प्रताप सिंह तथा फॉरेस्टर डिप्टी सिंह, रविंद्र मिश्रा, ताबिश अहमद आदि उपस्थित रहे।
इधर, कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने मौलश्री का पौधा रोपित किया। डीएम ने कहा की पौधरोपण समय की मांग है। वृक्षों से वातावरण में ऑक्सीजन की कमी दूर होती है। अधिक से अधिक लोग पौधरोपण कर वातावरण को शुद्ध बनाने में अपना योगदान दें। यहां एडीएम जयप्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट उमेश मिश्रा, एसडीएम सिद्धार्थ ने अशोक के पौधे रोपित किए।
भाजपा जिला मंत्री ने बहनों के साथ लगाया पौधा
भाजपा जिला मंत्री डॉ.ज्योति वर्मा ने अपनी दो बहनों जागृति एवं दीपाली के साथ पक्का तालाब चूना चक्की क्षेत्र में पौधरोपण किया। उन्होंने सिनगोनियम का पौधा लगाया। कहा कि जीवन के लिए पेड़ बेहद उपयोगी हैं। पेड़ लगाना ही काफी नहीं है बल्कि उसकी देखभाल भी जरुरी है। इसीलिए उन्होंने ऐसी जगह चुनी है जिससे पौधे को पानी मिल सके और देखरेख हो सके।
सीएमएस ने लगाए औषधि पौधे
जिला महिला चिकित्सालय में यूपी मिनिस्ट्रीरियल एसोसिएशन की ओर से सहयोग से पौधरोपण कार्यक्रम के तहत सीएमएस डॉ.अशोक कुमार, डॉ.सिद्वार्थ कुमार, डॉ.एमएस शर्मा ने औषधि पौधों का रोपण किया। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष रिजवान अहमद, महामंत्री कुश कुमार गुप्ता, फार्मासिस्ट सुनील कुमार, वेद प्रकाश, पुष्पदीप कुमार, रोहित गौड़, लेखाकार, ऐजाज वारिस, अजीत प्रताप सिंह, निशांत कुमार आदि उपस्थित रहे।
एसडीएम व तहसीलदार ने लगाया पौधा
एसडीएम भरथना हेम सिंह ने तहसीलदार हरिश्चन्द्र के साथ तहसील परिसर में पौधरोपण किया। एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य के लिए वृक्षों का होना बहुत जरुरी है। इस दौरान नायब तहसीलदार विशाल सिंह, राजीव शुक्ला, रामजी भदौरिया,अरविंद रावत,पिंटू मिश्रा, ऋषिपाल यादव आदि उपस्थित रहे।