इकदिल(इटावा)। थाना क्षेत्र के सलीम दवाखाना के पास मंगलवार की रात युवक को गोली मार दी गई। पैर में गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इकदिल थाना क्षेत्र में जयभारत कॉलोनी गली नंबर-तीन निवासी राजकमल उर्फ राजू तोमर का बेटा सत्यम सिंह मंगलवार की रात दवा लेने के लिए घर से निकला था। राजकमल ने बताया कि सत्यम को सलीम दवाखाना से पहले जयभारत कॉलोनी के ही अजय राजपूत, शिवम राजपूत, कपिल राजपूत ने बुलाया और मोबाइल फोन के पुराने झगड़े को लेकर अभद्रता करते हुए मारपीट की। सत्यम जान बचाकर भागा, तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी। गोली पैर पर लगने से वह सड़क पर गिर गया। उसकी हालत देख राहगीरों ने थाना पुलिस को सूचना दी। सत्यम के मोबाइल फोन से राहगीरों ने उन लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद राहगीर विकास त्रिपाठी ने सत्यम को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले सत्यम के मोहल्ले के ही दो युवकों के बीच मोबाइल फोन को लेकर झगड़ा हो गया था। सत्यम ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसी बात से आरोपी पक्ष रंजिश मान रहा था। मौके पर पहुंचे एएसपी सिटी प्रशांत कुमार ने घायल सत्यम से बात करते हुए घटना की जानकारी ली।
एसपी सिटी प्रशांत कु्मार ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश का है। थाना प्रभारी निरीक्षक जीवाराम यादव ने बताया कि घायल के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।