उदी। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के बाहुरी अड्डा के पास मंगलवार को गोली लगने से घायल पॉलिटेक्निक छात्र अमन यादव की बुधवार को आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास मामले में दर्ज एफआईआर को हत्या की धाराओं में बदल दिया है। पुलिस हत्यारोपियों का पता लगाने में जुटी है।
बढ़पुरा क्षेत्र के मडैया अजबपुर गांव निवासी किसान करन सिंह का बेटा अमन (18) रोज की तरह मंगलवार की सुबह मिर्च बेचने के लिए इटावा मंडी बाइक से जा रहा था। उसी दौरान बाहुरी अड्डा के पास अज्ञात बदमाशों ने अमन को गोली मार दी थी। गोली सिर में लगने से वह सड़क पर गिर गया था। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां तमंचा व जला हुआ मोबाइल फोन मिला था। उसे पुलिस ने कब्जे में लेकर अमन को अस्पताल भेजा था। मंगलवार की रात परिजन घायल अमन को सैफई में मेडिकल यूनिवर्सिटी से आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए थे। वहां पर बुधवार को अमन की उपचार के दौरान मौत हो गई।
बढ़पुरा थाना प्रभारी ने बताया अमन के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल को खंगाला जा रहा है। हत्या का प्रयास में दर्ज मामले को हत्या की धारा में तरमीम कर लिया गया है। जल्द अमन हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।