सैफई(इटावा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे स्थित सैफई के बाईपास बघुइया चौराहे पर रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने कंटेनर में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और सड़क किनारे खड़ा बालक घायल हो गया। दुघर्टना से गुस्साएं ग्रामीणों ने बाईपास पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची सैफई पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर मृतक को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जाम खुलवाया।
चौबिया के नगला भान सिंह निवासी सत्येंद्र कुमार जनपद नोएडा में ऑटो चलाता था। वह रविवार को छोटे भाई लाखन को लेकर कंटेनर से चालक विवेक के साथ इटावा आ रहा था। तभी शाम करीब चार बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के बाईपास बघुइया चौराहे के पास मैनपुरी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कंटेनर में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कंटेनर की खिड़की खुल गई और सत्येंद्र अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। कंटेनर का पहिया चढने से उसकी मौत हो गई। साथ ही सड़क किनारे अपने बाबा अजब सिंह के साथ खड़ा 14 वर्षीय बालक अर्पित निवासी ग्राम बघुइया सैफई घायल हो गया। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने बाईपास पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई में भर्ती कराकर जाम खुलवाया। जनपद मऊ के थाना बेला रामनगर निवासी विवेक ने बताया कि वह कंटेनर में कोरियर लेकर हवाई पट्टी जा रहा था। तभी हादसा हो गया। सैफई थाना प्रभारी निरीक्षक विरेंद्र बहादुर यादव ने बताया कि घायल बालक को अस्पताल में भर्ती कराकर जाम खुलवाया गया है। साथ ही ट्रक के चालक व परिचालक हिरासत में है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।