इटावा। इस रविवार से आप ऐतिहासिक इटावा महोत्सव का आनंद ले सकेंगे। झूले लग गए हैं। दुकानें सज गईं हैं। इस बार लोग महोत्सव में डायनासोर काल की अनुभूति भी कर सकेंगे। जिसे जुरासिक पार्क का नाम दिया गया है। यहां लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से तरह-तरह के डायनासोर दिखेंगे। इसे गुजरात के राजकोट से आए आयोजक संचालित करेंगे। जुरासिक पार्क सात फरवरी से शुरू होगा।
महोत्सव एक माह तक चलेगा। महोत्सव के विशाल परिसर में गेट नंबर तीन के पास लगने वाले खेल-तमाशा बाजार में बच्चों के लिए हर बार की तरह इस बार भी कई झूले लग रहे हैं। इनमें ब्रेक डांस झूला, ड्रैगन झूला, रेंजर झूला, टोरा-टोरा झूला, ट्रेन, नाव झूला, हैलीकॉप्टर झूला, मिक्की माउस सहित लगभग 30 प्रकार के झूले बच्चों का मनोरंजन करेंगे। झूलों के ठेकेदार टीपू यादव ने बताया कि इस बार भी महोत्सव में रौनक रहेगी। हालांकि इस बार सर्कस और मौत का कुआं नहीं लगेगा।