सैफई(इटावा)। लखनऊ जाते समय बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अचानक अपनी दादी के नाम पर बने मूर्ति देवी इंटर कालेज पहुंच गए। सैफई हवाई पट्टी रोड स्थित ग्राम बघुइया में बने स्कूल में कक्षा 9, 10,11,12 के छात्र-छात्राओं से सवाल जवाब किए। उन्होंने टॉपरों को लैपटॉप देने की घोषणा की।
अखिलेश बोले, इस विद्यालय से मुझे बहुत लगाव है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शहरी विद्यालय की भांति पढ़ाई मिल रही है। अगले साल विद्यालय के होनहार छात्रों को लैपटॉप देकर सम्मानित करेंगे। करीब 30 मिनट रुकने के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से यूपी में शिक्षा क्षेत्र में अव्यवस्था फैल रही है। गरीब परिवारों के बच्चों के पास स्मार्ट फोन नहीं है। ऑनलाइन पढ़ाई सिर्फ संपन्न परिवारों के लिए हो रही है। इस दौरान चेयरमैन दिनेश यादव, प्रबंधक अनीता यादव, प्रधानाचार्य दुर्गेश कुमार, शिवकुमार, प्रदीप आदि मौजूद रहे।