इटावा। मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत गणतंत्र दिवस पर एक दिन के लिए मेधावी छात्राओं को सीएमओ व सीएचसी में चिकित्सा अधीक्षक पद की जिम्मेदारी दी गई। पद संभालते ही छात्राओं ने अस्पताल का निरीक्षण किया। कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। झंडारोहण कर मरीजों को फल भी बांटे।
मोनिका बनीं सीएमओ
जसवंतनगर के ग्राम चांदनपुर निवासी इंटरमीडिएट में जनपद की द्वितीय टॉपर मोनिका शर्मा एक दिन के लिए सीएमओ बनीं। कार्यालय में झंडारोहण के बाद उन्होंने टीबी अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां भर्ती मरीजों को फल बांटे और परिसर में पौधरोपण किया। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान सीएमओ डॉ. एनएस तोमर मौजूद रहे।
चिकित्सा अधीक्षक बनीं छात्राएं
जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (आठ) पर मेधावी बालिकाओं को एक दिन का चिकित्सा अधीक्षक बनाया गया। छात्राओं ने सबसे पहले झंडारोहण किया। अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों को फल बांटे।
बसरेहर सीएचसी में नव्या पोरवाल, चकरनगर के राजपुर सीएचसी में ग्राम पालीखुर्द चकरनगर निवासी कक्षा 11 की छात्रा वसुंधरा चौहान अधीक्षक बनीं। ताखा की सरसईनावर सीएचसी में मेधावी छात्रा डॉली शाक्य अधीक्षक बनीं। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित करते हुए प्रमाण पत्र बांटे। डॉली ने इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी से लाला सियाराम इंटर कालेज सरसईनावर से पास की है। सीएचसी महेवा में अदिति राजपूत अधीक्षक बनीं। वह बोलीं, कि भविष्य में डॉक्टर बनना चाहेंगी और गरीबों का नि:शुल्क इलाज करेंगी।
जसवंतनगर सीएचसी में मेधावी छात्रा शांभवी चौहान को एक दिन के लिए अधीक्षक की जिम्मेदारी मिली। ग्राम जगसौरा निवासी शांभवी बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। चिकित्सीय उपकरणों की जानकारी ली। भरथना सीएचसी में राजागंज निवासी कक्षा 12 की छात्रा शालिनी यादव अधीक्षक तो कक्षा 10 की छात्रा श्रीयशी तिवारी मेडिकल ऑफिसर बनीं। दोनों ही हॉली प्वाइंट विद्यालय की छात्राएं हैं। इस मौके पर डॉ. विकास सचान, डॉ. अवधेश यादव, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. विश्वदीप सिंह, डॉ. विकास अग्निहोत्री, डॉ.कामिनी, डॉ.अमित दीक्षित आदि मौजूद रहे।