फोटो संख्या 40 - सत्येंद्र यादव की फाइल फोटो
- फोटो : ETAWHA
बकेवर(इटावा)। थाना क्षेत्र के ग्राम लवारपुरा में दोस्ती की बात लड़की के पिता को पता चलने की आशंका से भयभीत किशोर ने गांव के बाहर खेत पर जाकर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बिना बताये किशोर का दाह संस्कार कर दिया।
ग्राम लवारपुरा में बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के छात्र (19) वर्षीय सत्येंद्र उर्फ जीतू यादव पुत्र महेश यादव की गांव के ही एक लड़की से दोस्ती थी। उनकी दोस्ती की बात लड़की के पिता को पता चली तो उसने सत्येंद्र के पिता से इसकी शिकायत करने की बात कही। इसके चलते सत्येंद्र भयभीत हो गया और लड़की के पिता से यह कहकर चला गया कि वह मरने जा रहा है। इसके बाद उसने गांव के बाहर बंबा की पटरी पर खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके परिजनों को इस बात का पता चला तो पुलिस को सूचना दिए बिना उसका दाह संस्कार कर दिया।
जब बकेवर थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली तो थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह, एसएसआई गंगादास गौतम, बिजौली चौकी इंचार्ज बृजनंदन सिंह मौके पर पहुंचे। इस बारे में थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सत्येंद्र यादव की गांव की ही एक लड़की से दोस्ती थी। यह बात लड़की के पिता को पता चल गयी थी जिस कारण भयभीत होकर सत्येंद्र ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उसने जिस तमंचे से आत्महत्या की है वह तंमचा नहीं मिला है और परिजनों ने बिना पुलिस को बताए शव का दाह संस्कार कर दिया था। परिजनों ने तमंचा मिलने की कोई बात नहीं बताई।