इटावा। नगर पालिका परिषदों के सीमा विस्तार से प्रभावित ग्राम पंचायतों का फिर से परमीशन होगा। शासन के आदेश पर इटावा जिले में दो विकास खंडों की पांच ग्राम पंचायतों का परसीमन कराया जाएगा। परिसीमन की प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी की जाएगी। परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वार्डों एवं पंचायतों के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिले में जसवंतनगर की ग्राम पंचायत कैस्त, सिसहाट का आंशिक भाग सीमा विस्तार के तहत नगर पालिका परिषद जसवंतनगर के क्षेत्र में शामिल हुआ है। राजस्व विभाग के अनुसार कुछ गाटा नगर पालिका क्षेत्र में हैं। अब 2011 की आबादी के हिसाब से इन गाटा संख्या में कितनी आबादी निवास करती है। इसका हिसाब किताब लगाते हुए दोनों ग्राम पंचायतों का परिसीमन किया जाएगा। भरथना की तीन ग्राम पंचायतों कुंअरा, कंधेसीपचर और भरथना देहात के कुछ गाटा नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हुए हैं। वही प्रक्रिया इन पंचायतों में भी लागू की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत वार जनसंख्या का अवधारण सुनिश्चित करते हुए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की प्रस्तावित सूची 10 जनवरी तक प्रकाशित की जाएगी। 11 और 12 जनवरी को इन पर आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 13 और 14 जनवरी को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 15 और 16 जनवरी को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।