मामले की जांच पड़ताल करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : ETAWHA
बकेवर। ग्राम बसैयाहार में बुधवार की देर रात चोरों ने एक किसान के मकान पर धावा बोलकर जेवर व नगदी समेत चार लाख का माल पार कर दिया। वहीं मंगलवार की रात को चोरों ने तीन गांवों के तीन किसानों के घर से करीब सात लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। दो दिन में चार घरों में हुई चोरी की वारदातों ने पुलिस की चौकसी की पोल खोल दी है।
लवेदी थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसैयाहार निवासी किसान प्रमोद तिवारी पुत्र छक्कीलाल के घर को बुधवार की देर रात चोरों ने निशाना बनाया। प्रमोद तिवारी ने बताया कि वह अपने और पुत्र अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। तभी देर रात चोर घर के पीछे वाले बाग से होकर दीवार पर चढ़े और छत के रास्ते से वह आंगन व कमरों में घुस गए। कमरों में रखे दो बक्सों व एक सूटकेस को उठाकर छत पर ले गए, जिसमें छह सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, एक सोने की जंजीर व चार सोने की चूड़ी व 20 हजार रुपये थे। चोरों ने सूटकेस खोलकर साड़ी निकाली और उसकी रस्सी बनाकर छत से सामान को बाग में उतार दिया। इसके बाद पास में स्थित सरकारी नलकूप के पास जाकर सूटकेस को खोला और उसमें रखे जेवर व रुपये निकालकर ले गए। गुरुवार की सुबह करीब चार बजे के घर की महिलाएं उठीं तो कमरों में सामान बिखरा व बक्से और सूटकेस गायब देख चोरी की जानकारी दी। पुलिस ने गृहस्वामी व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस को छत पर साड़ी से बनी रस्सी व नलकूप के पास कपड़े, टूटे बक्से व सूटकेस मिले हैं। थानाध्यक्ष लवेदी सुरेश चंद्र ने बताया कि घटना का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।