बकेवर(इटावा)। ग्राम ललितपुर में एक माह पहले किसान के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में बुधवार की रात पुलिस ने तीन आरोपियों को बाग से धर दबोचा। इस दौरान उनके पास से चोरी की एक बाइक बरामद हुई। वहीं, तीन और आरोपी पुलिस को चकमा देकर बाइक से भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से एक तमंचा और दो छुरे साथ चुराए गए सोने-चांदी के कुछ जेवर भी बरामद किए।
प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह ने बताया कि व्यासपुरा बंबिया के पास आम के बाग में कुछ संदिग्ध लोगों के होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की तो तीन लोग बाइक पर बैठकर भाग गए और एक पुलिस के हत्थे चढ़ गया उसकी निशानदेही पर दो और आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए अमन पुत्र अनिल नागर निवासी गोविंद नगर गिरधारीपुरा भरथना, सागर बाल्मीकि पुत्र शंकर और मोंटी कंजड़ पुत्र शम्मी कंजड़ निवासी गिहार नगर कांशीराम कॉलोनी भरथना ने एक माह पहले ग्राम ललितपुर में किसान विकास कुमार पुत्र सुखवीर सिंह के घर चोरी की बात कबूली है।
उन्होंने बताया कि 20 अक्तूबर की रात में उन तीनों के अलावा जीतू बाल्मीकि पुत्र शंकर बाल्मीकि, सोनू पाल पुत्र अखिलेश निवासी कांशीराम कालोनी व बृजेश पुत्र हाकिम सिंह निवासी खुशहालपुर भरथना भी चोरी में शामिल थे। जामा तलाशी में पुलिस ने उनसे एक तमंचा और दो कारतूस, एक लोहे का सरिया व दो छुरे बरामद किए। उनकी निशानदेही पर किसान के घर से चोरी किए दो जंजीर, एक अंगूठी, चार झुमकियां, तोड़ियां व बिछियां भी बरामद कीं। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की, जो उन्होंने जालौन जनपद से चुराई थी। पुलिस बाइक के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उन्हें जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शक है कि यही आरोपी दो दिन पहले बकेवर में हार्डवेयर व्यवसायी के घर चोरी के प्रयास में घुसे थे, लेकिन परिजनों के जाग जाने पर भाग निकले।