इटावा। रामनगर आरओबी की निर्माण का काम प्रदेश सरकार से पैसा न मिलने के कारण रुका है। रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए डीआरएम अमिताभ ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने हिस्से का पैसा बजट स्वीकृत कर दे तो निर्माण शुरू करा देेंगे, हमारे हिस्से का बजट है और एस्टीमेट भी बन चुका है।
डीआरएम गुरुवार शाम करीब 6 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद फाटक के पास फुट ओवरब्रिज का एस्टीमेट और नक्शा बन चुका है। ठेका देकर जल्द ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। दिसंबर 2020 तक फुटओवर ब्रिज निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य है। डीआरएम ने कहा कि प्लेटफार्म नंबर की एक लंबाई बढ़ाने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। ट्रेन चालकों और गार्ड को आराम करने के लिए मनोरंजन सदन के पास नया रनिंग रूम भी बनाया जाएगा। बताया कि स्टेशन पर 40 कैमरे लगाए जा चुके हैं।
कोच इंडीकेटर न होने के सवाल पर कहा जल्द ही इंडीकेटर लगा दिए जाएंगे। प्लेटफार्म बने यात्री प्रतीक्षालय के उद्घाटन के सवाल पर कहा कि इसका संचालन निजी एजेंसी को दिया जाना है।