इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव कुदरैल में खेतों पर पानी लगाने गए किसान की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। गांव वालों के साथ उसे ढूंढने गई
किशोरी भी तार में उतरे करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने लापरवाह बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को मुआवजा की मांग को लेकर दो घंटे तक शव नहीं उठने दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने किसी तरह उन्हें समझाया।
गोवंश से फसल को बचाने के लिए कई लोगों ने खेतों के आसपास कटीले तार लगा रखे हैं। क्षेत्र के गांव कुदरैल निवासी दीन मोहम्मद (55) बुधवार की शाम को खेतों पर पानी लगाने के लिए गए थे। बिजली के ढीले तारों से इन्हीं कटीले तारों पर करंट उतर आया। इसी की चपेट में आकर दीन मोहम्मद की मौत हो गई। गुरुवार सुबह जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजन और मोहल्ले के लोग उन्हें ढूंढते खेतों पर पहुंचे। इसी बीच मोहल्ले की ही रुबीना (16) पुत्री जाकिर खां भी करंट की चपेट में आ गई। उसे गंभीर हालत में परिजन सैफई अस्पताल लेकर गए।
उधर, किसान की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को खेतों पर ही रख दिया और पुलिस को पंचनामा भरने से रोक दिया। उनकी मांग थी कि लापरवाही करने वाले बिजली अधिकारी और कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए और परिजनों को आर्थिक मदद दिलाई जाए। जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी ताखा नंद प्रकाश मौर्य ने पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। तब कहीं जाकर परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।