इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर चौबिया थाना क्षेत्र बनी हरदू गांव के पास शनिवार रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पार करते समय राकेश कुमार (50) को रौंद दिया। इसके बाद अनियंत्रित कार रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में राकेश की मौत हो गई। जबकि, कार पर सवार एक बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस और हाईवे के सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
लखनऊ के हजरतगंज निवासी अंकुर गुप्ता परिवार के साथ किसी काम से पिछले दिनों गुरुग्राम हरियाणा गए थे। शनिवार को वह परिवार के साथ कार से वापस लखनऊ लौट रहे थे। रात में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर चौबिया थाना क्षेत्र बनी हरदू गांव के पास चैनल नंबर 120 पर सड़क पार कर रहे बनी हरदू गांव निवासी राकेश कुमार को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इसके बाद चालक स्टीयरिंग नहीं संभाल सका और कार बेकाबू होकर रेलिंग से टकरा कर पलट गई। इससे राकेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि, कार में सवार अंकुर गुप्ता समेत पांच लोग फंस गए। उन लोगों की चीख सुनकर उधर से गुजर रहे लोगों ने अपने वाहन रोके और कार में फंसे लोगों को एक-एख कर बाहर निकाला।
इसी बीच हादसे की सूचना पाकर थाना पुलिस और हाईवे के टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सैफई ट्रामा सेंटर भेजा। पुलिस के मुताबिक हादसे में अंकुर, दीक्षा रस्तोगी, मंगला रस्तोगी, दीक्षा की सात वर्षीय बेटी समेत पांच लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद हाईवे की टीम ने क्षतिग्रस्त कार को सीधा कराकर उसे सड़क के किनारे कराया। तब ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सकी।