निवाड़ीकला(इटावा)। औरैया के फरिहा गांव में मंगलवार को यमुना नदी में डूबकर महेवा ब्लॉक के अहेरीपुर कस्बा की दो युवतियों की मौत हो गई थी। हादसा दोनों के सेल्फी लेने के दौरान हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को दोनों युवतियों के शव गांव पहुंचे, तो कोहराम मच गया। रिश्तेदारों व आसपास के लोगों ने दुखी परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराया। शवों के गांव पहुंचने पर कस्बा की बाजार भी बंद हो गई।
गांव में रहने वाले सुशील उर्फ पप्पू की बेटियां आकांक्षा और उसकी चचेरी बहन कीर्ति, ममेरे भाई दीपक की शादी में शरीक होने के लिए औरैया के फरिहा गांव गईं थीं। बुधवार को फरिहा गांव निवासी दीपक की शादी थी। परिजनों ने बताया कि दोनों बहनें मंगलवार को औरैया में ही यमुना नहर के पास घूमने के लिए गईं थी। वहां मोबाइल से सेल्फी लेते समय दोनों बहनों समेत चार युवतियां नहर में डूब गईं थीं। इससे नहर में डूबकर चारो की मौत हो गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद दोनों बहनों को शव दोपहर में अहेरीपुर गांव पहुंचे तो परिजन व आसपास के लोग बिलख पड़े। परिजन तो बेटियों के शव से लिपट गए। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह दुखी परिजनों को संभाला। बताया गया कि दोनों युवतियों के पिता दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। युवतियों की मौत पर प्रधान संगीता वर्मा व अखिलेश कुमार समेत गांववालों ने दुख जताया है।