इटावा। गेहूं खरीद की समयावधि 22 जून तक बढ़ा देने के शासनादेेश के बाद भी बुधवार को जिले के 62 केंद्रों पर गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। केंद्र प्रभारी स्थानीय स्तर पर जारी होने वाले आदेश का इंतजार करते रहे। वहीं, रजिस्ट्रेशन न होने से किसान दिन भर परेशान रहे। पूरे दिन केंद्रों पर असमंजस का माहौल बना रहा। किसानों का एक दिन यूं ही बेकार चला गया। खरीद की वेबसाइट दिन भर बंद रही, जिससे प्वाइंट ऑफ परचेज (पॉप) मशीन अपडेट नहीं हो सकीं। किसानों का अंगूठा भी नहीं लग सका।
पॉप मशीन अपडेट न होने से बकेवर गेहूं खरीद केंद्र पर बारदाना होने के बावजूद भी बुधवार को किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। गेहूं लेकर आए किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा। खरीद केंद्र प्रभारी के मुताबिक पॉप मशीन में बढ़ी हुई तारीख अपडेट न होने के कारण गेहूं खरीद स्वीकृत नहीं हो रही है। बकेवर से सहकारी समिति गेहूं खरीद केंद्र पर कुछ किसान गेहूं ट्रैक्टर में लादकर बेचने के लिए सुबह सात बजे ही आ गए थे। केंद्र प्रभारी और अन्य कर्मचारियों के आने के बाद किसानों ने गेहूं तौलने की बात कही। मशीन में अपडेट न होने से सिस्टम नहीं चला। खरीद केंद्र प्रभारी ने खरीद से इनकार किया।
किसानों की बात
सरायमिट्ठे गांव निवासी मिथिलेश चतुर्वेदी ने बताया कि वह 15 जून को भी 20 क्विंटल गेहूं लेकर आए थे। बिना खरीद देर शाम बूंदाबांदी के बीच वापस कर दिया गया। बुधवार को फिर गेहूं लेकर आए, लेकिन खरीद नहीं हुई है।
लखना निवासी रविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वे 25 क्विंटल गेहूं लादकर 15 जून को आए थे। उनका गेहूं ट्रैक्टर में लदा है। पॉप मशीन अपडेट न होने की बात कहकर बुधवार को भी गेहूं नहीं तौला गया। ग्राम जैतपुरा निवासी विनोद सिंह ने कहा कि उन्होंने सात जून को पंजीकरण कराया था। दो-तीन बार खरीद केंद्र पर आने के बावजूद भी आज तक गेहूं नहीं तौला जा सका। चक्कर लगाकर परेशान हो गए हैं।
खरीद केंद्र प्रभारी बोले
खरीद केंद्र प्रभारी राजीव गोयल ने बताया कि खरीद की तारीख 22 जून तक कर दी गई है। अभी पॉप मशीन अपडेट न होने के कारण किसानों का अंगूठा नहीं लग पा रहा है। साइट अपडेट होते ही किसानों के गेहूं की तौल की जाएगी।
नहीं मिला अभी आदेश
मार्केटिंग इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चकरनगर स्थित गोदाम पर किसानों का गेहूं खरीदने का कोई आदेश नहीं आया है। केंद्र पर 13 तारीख को ही बारदाना खत्म हो गया है। जिन किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, सभी का गेहूं समय से खरीदा जा चुका है। कुंदौल निवासी किसान वीरेंद्र तिवारी और गणेश चौहान ने बताया कि जल्द आदेश निर्गत कर गेहूं की खरीद कराई जाए।