ऊसराहार (इटावा)। राम मंदिर निर्माण के चंदे पर बखेड़ा करने वाले हमेशा से रामद्रोही रहे हैं। विरोधी लाख कोशिश कर लें, राम मंदिर विश्व का सबसे भव्य सनातन धर्म प्रतीक बनेगा। राम मंदिर के लिए जमीन का कोई गलत बैनामा नहीं हुआ है। यह बात विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रांतीय संगठन मंत्री मधुराम शरण शिवा ने बुधवार को सरसईनावर में कही।
हजारी महादेव मंदिर में विहिप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण में वहीं लोग विघ्न उत्पन्न कर रहे हैं, जो हाशिये पर हैं। भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग उसी दिन प्रशस्त हो चुका है, जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी आधारशिला रखी।
उन्होंने बताया कि हर ब्लॉक में संगठन की इकाइयों का गठन किया जा रहा है। विकास खंड ताखा में जिला सह संयोजक रजनीश मिश्रा को इकाई के गठन की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पूर्व उन्होंने हजारी महादेव का वैदिक ब्राह्मणों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। प्रांतीय संगठन मंत्री का स्वागत नवीन अवस्थी, आदित्य गुप्ता, सौरभ ठाकुर, संदीप पाल, संजू बाबू शाक्य, पारस बाबा आदि ने किया ।