निवाड़ीकला। शासन के प्रयासों के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र में गोशालाओं की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। ब्लॉक महेवा की उरैंग गोशाला में शुक्रवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे एसडीएम को दो गोवंश मृत मिले। जिनके शवों को कौवे नोंचकर खा रहे थे। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए पशुचिकित्साधिकारी को बुलाकर गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया।
उरैंग गोशाला को अभी कुछ महीने पहले ही शुरू कराया गया था। गोशाला में 65 गोवंश अभिलेखों में दर्ज है। जिनकी देखरेख की जिम्मेदारी पंचायत सचिव की है। शुक्रवार को गोशाला में दो गोवंश मृत अवस्था में पड़े थे। वही एक गोवंश को दफनाया जा चुका था। अन्य गोवंश के लिए भी गड्ढे की खुदाई चल रही थी। इसी बीच एसडीएम भरथना हेम सिंह गोशाला पहुंच गए। उन्होंने सचिव से नाराजगी जताते हुए पशु चिकित्साधिकारी को बुलवाकर मृत पड़े गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया। निरीक्षण के दौरान यहां गोवंश सड़ा भूसा खाते मिले।