इटावा। लॉकडाउन में देसी विदेशी शराब की दुकानें बंद हैं। लिहाजा नशेड़ियों की नशापूर्ति को कच्ची शराब का अवैध धंधा जोर पकड़े है। खेतों और घरों में भट्टियाें पर शराब को तैयार कर बेचा जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के बाद भी ऐसे लोगों के हौसले बुलंद हैं।
जसवंतनगर थाना पुलिस ने सोमवार को कंजड़ बस्ती में रामफल के मकान से 20 लीटर कच्ची शराब और 75 लीटर लहन बरामद किया। मौके से शराब बनाने का सामान भी मिला। इकदिल पुलिस ने भी खेड़ापति मोहल्ला की रेनू को भी पांच लीटर और चौबिया पुलिस ने लोकपुरा गांव के रामकिशन व शेरसिंह को पांच-पांच लीटर कच्ची शराब ले जाते पकड़ा है। सैफई व सिविल लाइन थाना पुलिस भी 11 अप्रैल को उधमपुरा गांव के ओमान सिंह और लुहन्ना गांव के बब्लू को तीन तीन लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया था। फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने तो यूरिया से कच्ची शराब तैयार करने वाले चार लोगों को 9 अप्रैल को दबोचा था। कोकपुरा गांव में अमित व राजकुमार, अभिषेक, सत्यदेव उर्फ रेनू 30 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार हुए थे। इसी दिन चौबिया थाना पुलिस ने मैनपुरी जिले के हेमराज व दयाशंकर को बाइक से 20 लीटर कच्ची शराब बेचने के लिए ले जाते पकड़ लिया था। इनके पास से खाली शीशियां भी मिली थीं। देशी शराब के ब्रांड के नाम के छपे हुए रैपर भी बरामद हुए थे।
.