इटावा। महेवा के मंदिर महेवा मोहल्ला में बृहस्पतिवार रात को अनुसूचित जाति वर्ग के एक मजदूर युवक का शराब के पैसे को लेकर कुछ लोगों से झगड़ा हो गया। ईंट व डंडों से मारपीट में युवक की मौैत हो गई। मृतक के बड़े भाई ने मोहल्ले के ही चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। बकेवर थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
कस्बा के मंदिर महेवा निवासी अविवाहित सोनू उर्फ झुन्नू (25) पुत्र स्व. राधेश्याम दिहाड़ी मजदूर था। बृहस्पतिवार देर शाम वह मजदूरी करके घर लौट रहा था। मोहल्ले के कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। कुछ लोगों ने बीच बचाव करके मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद फिर से दूसरे पक्ष के लोग सोनू को घर से खींच लाए और गली में ले जाकर ईंट व डंडों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डाक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक बचन सिंह सिरोही, एसएसआई सुरेश सिंह, चौकी प्रभारी महेवा वीरेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
सोनू के बड़े भाई मनोज कुमार ने मोहल्ले के ही चार लोगों गिरजेश उर्फ लालूू उसके पुत्र शिवा के अलावा जगदीश व उसके बेटे शिवम के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा कि यह चारों लोग शादी में जाने जा रहे थे। चारों ने शराब पी। शराब के पैसे उसके भाई ने दिए थे। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। चारों ने उसके भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। सिर में चोट आने से उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।