फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंद घर में घुसकर जेवर व नगदी चुराए

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा। कोतवाली क्षेत्र के खतराना टोला मोहल्ला स्थित एक बंद मकान से चोर करीब तीन लाख रुपये के जेवर-नगदी ले गए। घरवाले शादी में गए हुए थे। पुलिस ने मौके पर जाकर जायजा लिया। पुराने शहर के मोहल्लों में 7-8 दिनों के अंदर चोरी व लूट की यह तीसरी वारदात है।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खतराना टोला निवासी मुकेश कुमार जैन की शास्त्री चौराहा स्थित एलआईसी कार्यालय में कैंटीन है। उनका भाई संजय दिल्ली में रहता है। मुकेश घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ छह मार्च को दिल्ली गए थे। संजय के यहां शादी समारोह था।
इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। उनके छत के रास्ते चोर घर में दाखिल हुए। सीढ़ियों पर बने जंगले को काटकर नीचे उतर आए। घर के तीन कमरों के ताले तोड़ दिए और अलमारी बक्सों से जेवर नगदी आदि सामान ले गए। चोरों ने वारदात के दौरान घर के मुख्य दरवाजे की अंदर से कुंडी लगा ली थी। बाहर की ओर ताला पड़ा रहा। किसी को वारदात की भनक नहीं लग पाई।
विज्ञापन

सोमवार सुबह गृहस्वामी मुकेश कुमार जैन परिवार के साथ घर लौटे। ताला खोलकर घर के अंदर घुसना चाहा तो अंदर से कुंडी बंद मिली। उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। अस्तल पुलिस चौकी इंचार्ज मिलन सिरोही हमराहियों के साथ मौके पर आए। सिपाही पड़ोसी पीयूष दीक्षित की छत से घर में आए और मुख्य दरवाजे की कुंडी खोली। परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
मुकेश ने बताया कि अलमारी व बक्सों में मां के जेवर रखे थे। चोर सोने की चार चूड़ियां, एक जंजीर, तीन अंगूठियां, चांदी की पायलें व 57 हजार रुपये ले गए।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि चोरी की पड़ताल की जा रही है। मुकेश ने कोतवाली में प्रार्थनापत्र दिया है। क्षेत्र के लोगों में 7-8 दिनों के अंदर चोरी की तीन वारदातें होने से डर बना हुआ है। इससे पूर्व अहीरन टोला में एक वृद्धा को घायल कर चोरी और नगरपालिका के सेवानिवृत राजस्व निरीक्षक विजय सिंहपाल के यहां लूट हो चुकी है। पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें