इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तहत एक निजी स्कूल के पास हाईवे किनारे खड़ी पंचर पिकअप में पीछे से डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद डीसीएम डिवाइडर पर चढ़ गई और भूसे से भरी पिकअप पलट गई। पिकअप का चालक केबिन में फंस गया। हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ। एक अन्य दुर्घटना बकेवर क्षेत्र में हाईवे पर हुई। जिसमें गोवंश को बचाने के चक्कर में एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें कार सवार दो लोग घायल हो गए। दो अन्य हादसों में दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिविललाइन थाना क्षेत्र के तहत एक निजी स्कूल के सामने ओवरब्रिज पर रविवार सुबह भूसे से भरी पिकअप गाड़ी का ट्यूब पंचर हो गया। पिकअप हाईवे के किनारे खड़ी थी। तभी कानपुर की ओर से आई तेज रफ्तार डीसीएम ने एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी चक्कर में डीसीएम ने खड़ी पिकअप में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से पिकअप पलट गई। भरा हुआ भूसा हाईवे पर फैल गया। डीसीएम भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पिकअप के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला।
एक अन्य हादसा बकेवर क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पास हाईवे पर हुआ। इटावा के गांधीनगर मोहल्ला निवासी राजेश चतुर्वेदी अपनी कार से कानपुर गए थे। रविवार अपरांह्न करीब 4 बजे वह महेवा आ रहे थे। तभी भवानीपुर गांव के सामने हाईवे पर गोवंश आ जाने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पारकर दूसरी तरफ जाकर पलट गई।
हादसे में राजेश चतुर्वेदी का पैर टूट गया व सिर में चोट आई। कार चला रहे उनके साथी दुर्गेश अग्रवाल भी चोटिल हो गए। राहगीरों की सूचना पर चौकी प्रभारी चिंतन कौशिक व दीवान राकेश सचान ने दोनों को सीएचसी महेवा पहुंचाया। जहां से राजेश को जिला अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा वैदपुरा थाना क्षेत्र के गांव पाताझारी निवासी महिला जलेबीश्री को फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के कुनैरा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। एक अन्य हादसे में बढ़पुरा थाना क्षेत्र के बीधूपुरा बरौली गांव के अभिलाख सिंह के आठ वर्षीय पुत्र को मार्ग पर खेलते वक्त पिकअप चालक ने टक्कर मारकर घायल किया।