जसवंतनगर। कानपुर से दिल्ली सवारियां लेकर जा रही स्लीपर बस में सरायभूपत के पास आग लग गई। इंजन और टायर जलते देख चालक परिचालक कूद कर भाग गए।
बस का आपातकालीन गेट जाम होने से खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्री बाहर कूदे। हादसे में कई यात्रियों को सामान जल गया। फायरब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। पुलिस ने दूसरे वाहनों से यात्रियों को रवाना किया।
ट्रैवल्स एजेंसी की स्लीपर बस शनिवार को कानपुर से सवारियां लेकर दिल्ली जा रही थी। राजस्थान प्रदेश के नंबर वाली बस में करीब 80 यात्री सवार थे।
इटावा-आगरा हाईवे पर जसवंतनगर के सराय भूपत रेलवे क्रासिंग के पास बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलता देख यात्रियों ने चालक व परिचालक से बस रोकने के लिए कहा लेकिन दोनों ने अनसुना कर दिया।
कुछ ही देर में पूरी बस में धुआं भर गया। यात्रियों के हो-हल्ला करने पर चालक ने बस रोक दी। इंजन के साथ बस के टायर भी जलने लगे थे। ये देखकर चालक बस से कूदकर भाग गया और परिचालक भी भाग निकला।
देखते ही देखते बस को आग की लपटों ने घेर लिया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्री बाहर कूदे। आग से कई यात्रियों का सामान जल गया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अमरपाल सिंह मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना देेने के साथ यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। करीब आधा घंटे बाद भरथना और सैफई फायर स्टेशन से दो गाड़ियां पहुंचीं। फायर कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
जाम था आपातकालीन गेट
यात्रियों ने बताया कि बस का आपातकालीन गेट जाम था। गेट खोलने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूदे। बस में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे।
सवारी वाहन के लिए परेशान रहे यात्री
बस में आग लगने के बाद यात्री देर रात को हाईवे किनारे करीब दो घंटे तक वाहनों का इंतजार करते रहे। वाहन नहीं मिलने पर थाना प्रभारी अमर पाल सिंह ने पुलिस कर्मियों की मदद से हाईवे से गुजरने वाले वाहनों से यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजा।
थाना प्रभारी का बयान
बस का टायर गर्म होने से उसमें आग लगी थी। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। कुछ यात्रियों का सामान जरूर जल गया है। फरार बस चालक व परिचालक की तलाश की जा रही है। - अमर पाल सिंह, थाना प्रभारी जसवंत नगर।
स्पार्किंग से आग लगने की आशंका
बस चालक की सीट के नीचे इंजन में स्पार्किंग से आग लगने की जानकारी मिली है। बस की पुलिस और परिवहन विभाग जांच करेगा। इसके बाद ही आग लगने की सही वजह सामने आ सकेगी। तबारक हुसैन, अग्निशमन अधिकारी, इटावा