इटावा। ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने खेत में खड़ा पांच बीघा गेहूं जल गया। सूचना देने के बाद भी फायरब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद ही किसी तरह आग बुझाई।
जसवंतनगर के बलरई थाना क्षेत्र के श्यामनगर गांव में किसान कमलेश कुमार पुत्र नानकचंद्र राजपूत का खेत है। जहां उनका ट्यूबवेल लगा है उसके पास ही ट्रांसफार्मर भी रखा है। कमलेश ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली। इससे उनके खेत में आग लग गई। हवा चलने से आग तेजी से फैली और करीब पांच बीघा खेत को चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने की सूचना फायरब्रिगेड को दी गई, लेकिन गाड़ी नहीं पहुंची। सभी ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच बीघा गेहूं जल चुकी थी।