हादसे के बाद क्षतिग्रस्त टेंपो और आसपास लगी भीड़।
- फोटो : ETAWHA
इटावा। चकरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखना चकर नगर रोड पर ग्राम डिभौली मोड़ के पास तेजी से आ रहे ट्रक ने लखना से सवारियां लेकर आ रहे टेंपो में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। तीन की हालत गंभीर है, वे जिला अस्पताल में भर्ती हैं। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
बताया गया कि क्षेत्र के गंाव ददा निवासी पिंटू पुत्र रामाधार टेंपो का चालक है। सोमवार शाम पांच बजे करीब वह टेंपो में लखना से सवारियां चकरनगर के लिए निकला था। टेंपो में करीब 12 लोग सवार थे। यमुना नदी पार कर टेंपो डिभौली मोड़ पर पहुंचा तभी सामने से आ रहे रहे ट्रक के चालक ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे सवारियों में चीख पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को टेंपो से निकालने के में जुट गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी भिजवाया। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया। हादसे में टेंपो चालक पिंटू के अलावा उपासना पुत्री सतेंद्र सिंह, सोनम पुत्री हेमंत सिंह निवासी बिजली घर के पास चकरनगर, शिव पाल पुत्र बलवीर, पूजा दीपा निवासी छिबरौली, सोनी पत्नी राजेंद्र निवासी गोहानी के अलावा एक अन्य घायल हो गया। उपासना, सोनम, पिंटू व एक अन्य को जिला अस्पताल भेजा गया। रास्ते में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब पचास वर्ष है। एसओ चकरनगर राजेेश कुमार ने बताया कि टेंपो में सवार आठ लोग घायल हो गए थे। एक व्यक्ति की मौत हुई है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग निकला। उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।